हिमाचल की बेटी विश्व में नंबर वन, अनिका राणा ने अंतरराष्ट्रीय योग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक
ऊना, 09 जून (हि.स.)। जिला ऊना के गांव बाथू की होनहार बेटी अनिका राणा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए भारत के लिए स्वर्णिम सफलता हासिल की है। अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित प्रथम अंतरराष्ट्रीय योग चैंपियनशिप में अनिका राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 78 देशों के प्रतिभागियों को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और भारत को स्वर्ण पदक दिलाया अनिका राणा, करनैल सिंह राणा की पुत्री तथा शक्ति सिंह राणा की पौत्री हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश और देश को गौरवान्वित किया है।
विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में अनिका ने अपने उत्कृष्ट योग कौशल, आत्मविश्वास और अनुशासित प्रदर्शन से निर्णायकों का दिल जीत लिया एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का तिरंगा बुलंद करना किसी सपने के सच होने जैसा है। अनिका की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में भी नया उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ है।
अनिका की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों, खेल प्रेमियों तथा विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि अनिका ने पूरे प्रदेश का नाम विश्व पटल पर चमकाया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरी हैं इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सभी ने अनिका राणा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि वह आने वाले समय में भी भारत के लिए इसी तरह नए कीर्तिमान स्थापित करती रहेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

