हरोली उत्सव में पशुपालन विभाग की प्रदर्शनी ने खींचा लोगों का ध्यान
ऊना, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिला ऊना के रोड़ा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय हरोली उत्सव के दौरान पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का सफल समापन हुआ। इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर पशुपालकों और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उत्सव के दौरान करीब 350 लोगों ने प्रदर्शनी केंद्र का अवलोकन कर विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी केंद्र में आधुनिक डेयरी मॉडल और कड़कनाथ प्रजाति के पक्षियों का प्रदर्शन लोगों के लिए खास आकर्षण रहा। पशुपालन विभाग की तकनीकी टीम ने मौके पर ही पशु चिकित्सा सेवाएं भी प्रदान कीं। इस दौरान 50 पशुओं के गोबर के नमूनों की परजीवी जांच और 45 पशुओं के दूध के नमूनों की थनैला रोग की जांच की गई। साथ ही किसानों को कड़कनाथ मुर्गी पालन की वैज्ञानिक विधियों और विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उत्सव के दूसरे दिन बछड़ी रैली का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया। इस रैली में कुल 46 बछड़ियों ने भाग लिया। विदेशी, स्वदेशी और भैंस श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पशु आहार और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
तीसरे दिन आयोजित श्वान प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रतियोगिता में छोटी, मध्यम और बड़ी श्रेणियों में कुल 40 श्वानों ने भाग लिया। नालागढ़ स्थित टीवीएस कंपनी के बेल्जियन शेफर्ड नस्ल के श्वानों और पुलिस लाइन झलेड़ा के प्रशिक्षित श्वान के विशेष प्रदर्शन की लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर जिला ऊना में पशु कल्याण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए ‘राधा माधव सेवा कुंज जखेड़ा’ और एनिमल रेस्क्यू सोसाइटी ऊना की भूमिका की भी सराहना की गई। कार्यक्रम के समापन पर पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन विभाग के उपनिदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह पटियाल ने आयोजन को सफल बनाने में विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और पशुपालकों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

