पंजाब की तर्ज पर हरोली के लोग भी करेंगे फ्री धार्मिक यात्रा

WhatsApp Channel Join Now


ऊना, 06 सितंबर (हि.स.)। पंजाब की तर्ज पर अब हरोली के लोग भी अपने धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा करेंगे। ये निशुल्क यात्रा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली की देखरेख में होगी। जिसके लिए जल्द ही ‘चल मंदरा नूं चलिए’ अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी घोषणा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को कांग्रेस की बैठक के दौरान की।

उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली की ओर से शुरू किए जाने वाले इस अभियान के तहत क्षेत्रवासियों को करीब 50 बसों के माध्यम से चिंतपूर्णी, नैना देवी, ज्वालाजी और बाबा बालक नाथ मंदिरों की धार्मिक यात्रा करवाई जाएगी। जिसकी रूपरेखा जल्द ही आने वाले समय में तय कर ली जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य हरोली विधानसभा क्षेत्र के लोगों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करवाना है। खासकर ऐसे लोग जो आर्थिक या अन्य कारणों से धार्मिक यात्राओं पर नहीं जा पाते, उन्हें इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।इसके तहत लोगों को बसों के माध्यम से धार्मिक स्थलों तक ले जाकर दर्शन करवाए जाएंगे।

मुकेश अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान का पूरा प्रारूप अभी तैयार किया जा रहा है। यात्रा की तिथियां, बसों के रूट, श्रद्धालुओं के पंजीकरण तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जल्द ही विस्तृत योजना तैयार की जाएगी। इसके बाद जनता को इस नि:शुल्क धार्मिक यात्रा सुविधा के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि ‘चल मंदरा नूं चलिए’ केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों को आपसी मेल-जोल और अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की एक पहल भी होगी। योजना का विस्तृत स्वरूप तैयार होने के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री ने बताया कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली की जनता को एक ओर सुविधा दी है। अब हरोली के लोग निशुल्क अपने धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी रूपरेखा भी जल्द तैयार कर ली जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story