पहले दिन जिला परिषद के लिए 10 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन पत्र

WhatsApp Channel Join Now

ऊना, 07 मई (हि.स.)। पंचायती राज संस्थानों के सामान्य चुनाव-2026 के तहत ऊना जिला में नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन गुरुवार को जिला परिषद सदस्य पद के लिए विभिन्न वार्डों से कुल 10 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त जतिन लाल ने दी। उल्लेखनीय है कि जिला ऊना में जिला परिषद के कुल 17 वार्ड हैं।

उन्होंने बताया कि पहले दिन सर्वाधिक 4 नामांकन उपमंडल गगरेट के अंतर्गत दाखिल किए गए। इनमें वार्ड नंबर-15 अम्बोटा से अश्वनी कुमार सुपुत्र कुलदीप सिंह तथा सुरिन्द्र सिंह कंवर सुपुत्र जमीयत सिंह ने नामांकन पत्र भरे, जबकि वार्ड नंबर-17 भंजाल लोअर से दलविन्द्र सिंह सुपुत्र साधु राम एवं शाम लाल सुपुत्र संत राम ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए।

इसी प्रकार उपमंडल अंब के तहत वार्ड नंबर-3 ठठल से अर्जुन सिंह सुपुत्र स्वर्गीय सरदार प्रीतम सिंह ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।

उपमंडल हरोली के अंतर्गत वार्ड नंबर-8 बढेड़ा से दिलबाग सिंह सुपुत्र रत्न सिंह तथा वार्ड नंबर-1 कुंगड़त से हेमलता धर्मपत्नी प्रवीन कुमार ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

उधर, उपमंडल ऊना के अंतर्गत वार्ड नंबर-7 टक्का से शोभित गौतम सुपुत्र देसराज गौतम तथा जसवीर कुमार विट्टा सुपुत्र मक्खन सिंह ने नामांकन पत्र भरे। वहीं, उपमंडल बंगाणा के तहत वार्ड नंबर-5 लठियाणी से सत्या देवी धर्मपत्नी गिरधारी लाल ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

जतिन लाल ने बताया कि इसके उपरांत अब नामांकन पत्र 8 तथा 11 मई को भी प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संबंधित अधिकारियों के समक्ष दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को प्रातः 10 बजे से होगी, जबकि 14 एवं 15 मई को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के तुरंत बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे तथा अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story