शराब ठेकों की ऑनलाइन बोली, 89 करोड़ में बिके 17 यूनिट
ऊना, 04 मार्च (हि.स.)। इस बार जिले में शराब ठेकों की नीलामी पूरी तरह से ई-ऑक्शन प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित हुई। यह बोली प्रक्रिया दो मार्च को सुबह नौ बजे से शुरू होकर रात 11 बजे तक लगातार चलती रही। अंतिम समय तक बोलीदाताओं के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिससे नीलामी का मूल्य रिजर्व प्राइस से काफी ऊपर पहुंच गया। आबकारी विभाग द्वारा शराब के ठेेकों को 22 यूनिटों में आबटिंत किया गया था जिनमें से 17 यूनिट 89,51,90,002 में नीलाम हुए, जबकि इनका रिजर्व प्राईस 86,02,90,001 रुपये निर्धारित किया गया था। ई-ऑक्शन के समापन पर इन यूनिटों की कुल बिक्री 89,51,90,002 रुपये में हुई। जिससे सरकार को 3,49,00,001 रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है, जो निर्धारित न्यूनतम मूल्य से उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्शाता है।
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई। ई-ऑक्शन के माध्यम से अधिक से अधिक प्रतिभागियों को समान अवसर मिला, जिससे प्रतिस्पर्धात्मक माहौल बना और राजस्व में वृद्धि संभव हो सकी। बोली प्रक्रिया के दौरान तकनीकी व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित रही, जिससे किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हुई। विभाग ने सफल नीलामी पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अतिरिक्त प्राप्त राजस्व का उपयोग विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं को गति देने में किया जाएगा।
वहीं इस संबंध में आबकारी विभाग के उपायुक्त विशाल गोरला का कहना है कि शराब के 17 यूनिटों की ई-ऑक्शन प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई है। इन 17 शराब के यूनिटों का सरकार की तरफ से रिजर्व प्राईज 86,02,90,001 रखा गया था, जो कि 86,02,90,001 रुपए में नीलाम हुए हैं। इससे सरकार के राजस्व में करीब साढे तीन करोड़ की बढ़ौतरी हुई है।
विभाग ने बताया कि पूरे जिला में 137 के करीब शराब के ठेके हैं। जिनको 22 यूनिटों में बांटा गया है। 17 यूनिटों की नीलामी पारदर्शिता के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हुई है। बाकी पांच यूनिटों के की नीलामी दोबारा से पांच मार्च को होगी। ------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

