उप मुख्यमंत्री ने 1.46 करोड़ रुपये से बनने वाले हरोली उपमंडलीय पशु चिकित्सालय का किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
उप मुख्यमंत्री ने 1.46 करोड़ रुपये से बनने वाले हरोली उपमंडलीय पशु चिकित्सालय का किया शिलान्यास


ऊना, 28 नवंबर (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज(शनिवार) उपमंडलीय पशु चिकित्सालय हरोली के नए भवन का शिलान्यास किया। इस भवन के निर्माण पर लगभग 1.46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नए भवन के बनने से क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और पशुपालन विभाग का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरोली आज विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरोली अब मॉडल से आगे बढ़कर एक ब्रांड बन रहा है। क्षेत्र के विकास में सभी विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, परिवहन और खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली सिविल अस्पताल में 9 करोड़ रुपये की लागत से तीसरे भवन का निर्माण किया जा रहा है। अस्पताल में 14 डॉक्टर तैनात किए गए हैं और ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने का कार्य जारी है। अगले दो महीने के भीतर यहां ऑपरेशन थिएटर स्थापित कर ऑपरेशन की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। हमारा प्रयास है कि हरोली सिविल अस्पताल को ऊना अस्पताल के समानांतर विकसित किया जाए। इसके अतिरिक्त ललड़ी में पशु चिकित्सा पॉलीक्लीनिक के माध्यम से पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। पूवोवाल में पशुपालन संस्थान स्थापित करने के लिए लगभग 8.5 करोड़ रुपये का एस्टीमेट भी भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री डिग्री कॉलेज हरोली में वर्तमान में लगभग 600 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और अगले साल तक यह संख्या 1000 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। कॉलेज के निर्माण पर लगभग 27 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साइंस ब्लॉक को स्वीकृति दी गई है और हॉस्टल का निर्माण भी प्रगति पर है। हरोली स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है तथा इसके नए भवन के लिए 12.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र में ट्रिपल आईटी, केंद्रीय विद्यालय, लॉ कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और आयुर्वेद कॉलेज जैसी शिक्षण संस्थाओं के माध्यम से शिक्षा का मजबूत आधार तैयार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story