उपमुख्यमंत्री ने ऊना डिपो से ई-बस सेवा का किया शुभारंभ, जिले को मिलीं 50 इलेक्ट्रिक बसें

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्यमंत्री ने ऊना डिपो से ई-बस सेवा का किया शुभारंभ, जिले को मिलीं 50 इलेक्ट्रिक बसें


ऊना, 03 अगस्त (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को बस अड्डा परिसर ऊना से ऊना डिपो की पांच इलेक्ट्रिक बसों को सांकेतिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें ऊना से डेरा बाबा रुद्रानंद धाम के लिए शुरू की गई नई इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में ईको-फ्रेंडली, आधुनिक एवं टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जा रहा है, जिनमें से 50 इलेक्ट्रिक बसें जिला ऊना को आवंटित की गई हैं। उ

न्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को एक साथ करीब सवा सौ इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली है, जिससे क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो से संचालन शुरू होने के बाद अब ऊना डिपो से भी ई-बस सेवा आरंभ हो गई है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जिला ऊना को 50, हमीरपुर को 35, बिलासपुर को 20 तथा देहरा को 10 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का संचालन मुख्य रूप से उन ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाएगा, जहां लंबे समय से बस सेवाओं की मांग की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक चार्जिंग अवसंरचना भी तैयार कर दी गई है। ऊना बस अड्डे पर दो, रामपुर वर्कशॉप में दो तथा अंब, हरोली और दुलैहड़ में एक-एक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना के पुराने बस अड्डे को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां बेहतर पार्किंग, मल्टीप्लेक्स तथा नगर निगम कार्यालय का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। इसके अतिरिक्त ऊना में एचआरटीसी का टायर री-ट्रेडिंग प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और यह प्लांट निगम की परिचालन लागत कम करने में सहायक सिद्ध होगा।

ई-बसों को हरी झंडी दिखाने के उपरांत उपमुख्यमंत्री ने एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निजी बस ऑपरेटरों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। निजी बस ऑपरेटरों की मांग पर उन्होंने ऊना बस अड्डे में निजी बसों के चालक एवं परिचालकों के लिए प्रतीक्षालय के रूप में एक कमरा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story