बोस्टन मैराथन में दौड़ेंगे ऊना के डीएफओ विकल्प यादव, हिमाचल के पहले धावक बनने का गौरव

WhatsApp Channel Join Now
बोस्टन मैराथन में दौड़ेंगे ऊना के डीएफओ विकल्प यादव, हिमाचल के पहले धावक बनने का गौरव


ऊना, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिला मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) विकल्प यादव अप्रैल 2027 में अमेरिका के बोस्टन में आयोजित होने वाली 131वीं बोस्टन मैराथन में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वह इस प्रतिष्ठित मैराथन में भाग लेने वाले हिमाचल प्रदेश के प्रथम धावक बनने जा रहे हैं।

विकल्प यादव अब तक देश में आयोजित विभिन्न प्रतिष्ठित मैराथन में करीब 12 बार हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने लंबी दूरी की दौड़ में करीब 30 हजार किलोमीटर का सफर तय किया है। मैराथन में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 42.2 किलोमीटर की दूरी को 2 घंटे 52 मिनट 30 सेकंड में पूरा करना है। यह उपलब्धि उन्होंने फरवरी 2026 में दिल्ली में आयोजित मैराथन में हासिल की थी।

बोस्टन मैराथन दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित मैराथन दौड़ों में शामिल है। इसमें हिस्सा लेने के लिए धावकों को निर्धारित क्वालीफाइंग टाइम और पात्रता मानकों को पूरा करना होता है। दुनिया भर के धावक इस प्रतिष्ठित रेस में जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं।

विकल्प यादव ने भी अपने शानदार प्रदर्शन के आधार पर बोस्टन मैराथन के लिए पात्रता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि को हिमाचल प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।

1897 में हुई थी शुरुआत

बोस्टन मैराथन का आयोजन अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य में होता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1897 में हुई थी और इसे दुनिया की सबसे पुरानी वार्षिक मैराथन दौड़ों में गिना जाता है। इसका आयोजन प्रत्येक वर्ष अप्रैल के तीसरे सोमवार को पैट्रियट्स डे के अवसर पर किया जाता है। रेस हॉपकिंटन से शुरू होकर बोस्टन के कोपली स्क्वायर तक पहुंचती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story