पंजाब के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक की मौत


ऊना, 18 मार्च (हि.स.)। बंगाणा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत हरिनगर में श्रद्धालुओं की बस पलटने से बस परिचालक की मौत हो गई। जबकि हादसे में 10 श्रद्धालु घायल हो गए। मृतक की पहचान त्रिलोक सिंह (28) निवासी फगवाड़ा (पंजाब) के रुप में हुई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ बीएनएसव व मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार कपूरथला जिला के खलवाड़ा कालोनी से 60 श्रद्धालु बस में सवार होकर बाबा बालक नाथ मंदिर में माथा टेकने के लिए जा रहे थे। मंगलवार रात करीब साढे 9 बजे बंगाणा के हरि नगर के समीप अचानक बस अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गई। हादसे के बाद श्रद्धालुओं में चीखों-पुकार मच गई। बस पलटने के बाद जोरधार आवाज को सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। लोगों ने बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने वाहनों में घायल श्रद्धालुओं को उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परिचालक त्रिलोक सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे के बाद बस चालक मौका से फरार हो गया। जिसे दबोचने के लिए पुलिस जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक त्रिलोक सिंह की अभी हाल ही में शादी हुई है। उक्त सूचना जैसे ही उसके घर पहुंची तो गांव में मातम का माहौल छा गया।

उधर, एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ बीएनएस व एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मृतक युवक का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाया गया है। पुलिस मामले को लेकर जांच में जुटी हुई है। हादसे में कमला पत्नि गुरजीत, स्वर्ण कौर पत्नि गुरविंद्र सिंह, बुध राज पुत्र सरदारी लाल, चमन लाल पुत्र भगत राम, मंगा पुत्र त्रिलोक चंद, मंजीत कौर पत्नि बलकार सिंह, कृष्णा पत्नि सेवा राम घायल हुए है। सभी श्रद्धालु निवासी खलवाड़ा कालोनी फगवाड़ा (पंजाब) के रहने वाले हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story