पंचायतें लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला, विकास में निभाएं सक्रिय भूमिका : जतिन लाल

WhatsApp Channel Join Now
पंचायतें लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला, विकास में निभाएं सक्रिय भूमिका : जतिन लाल


ऊना, 08 सितंबर (हि.स.)। ऊना जिले में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज व्यवस्था, विकास योजनाओं और कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी देने के उद्देश्य से क्षमता निर्माण एवं बुनियादी प्रशिक्षण कार्यशाला के पहले चरण की शुरुआत हुई। मंगलवार को जिला परिषद हॉल ऊना में आयोजित कार्यशाला में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। अतिरिक्त उपायुक्त ऊना इशांत जसवाल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

कार्यशाला में विकास खंड अंब की 19 ग्राम पंचायतों के 143 नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें 19 प्रधान, 19 उपप्रधान तथा 105 वार्ड सदस्य शामिल रहे। बता दें, जिले के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा।

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला हैं और ग्रामीण विकास के साथ-साथ देश एवं प्रदेश के निर्माण में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए स्पष्ट विकास कार्ययोजना तैयार करें तथा प्राथमिकताओं के आधार पर योजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि पंचायतों में स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, स्थानीय स्तर पर राजस्व उत्पन्न करने की संभावनाओं की पहचान कर उन्हें विकसित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि पंचायतें आर्थिक रूप से सशक्त बनें और विकास कार्यों को गति मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story