12 चुनावों में 10 बार कांग्रेस की जीत, भाजपा की तिलमिलाहट जायज: मुकेश अग्निहोत्री
ऊना, 04 अक्टूबर (हि.स.)। ब्लॉक कांग्रेस हरोली की मासिक बैठक रविवार को पालकवाह स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। बैठक में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली का आलीशान भवन देखकर भाजपा को दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार के कार्यकाल में हरोली में कॉलेज के लिए एक ईंट तक नहीं लगाई गई, जबकि कांग्रेस सरकार ने कॉलेज का निर्माण करवाकर इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए समर्पित किया है और आज 550 कर करीब विद्यार्थी जहां से शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अगले साल इस संख्या को 1000 करने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि जब हरोली में विकास के बड़े काम हो रहे हैं तो भाजपा को यह विकास रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली भाजपा में टिकट की दौड़ लगी हुई है और उस टिकट की योग्यता ये है कि कौन मुकेश अग्निहोत्री या उसके परिवार को सबसे ज्यादा गलियां निकालता है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्ष 1971 से अब तक हरोली विधानसभा क्षेत्र में 12 चुनाव हुए हैं, जिनमें कांग्रेस ने 10 बार जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस मजबूत राजनीतिक आधार को देखते हुए भाजपा की तिलमिलाहट भी जायज है। उन्होंने अपनी दिवंगत पत्नी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करती है और व्यक्तिगत स्तर पर किसी के परिवार को निशाना बनाने की राजनीति में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने कहा हम महिलाओं का सम्मान करते हैं और मेरी दिवंगत पत्नी के खिलाफ टिप्पणी करने वालों की पत्नियां हमेशा सुहागिन रहें।
ब्लॉक कांग्रेस हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री ने इस मीटिंग को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक जनता के बीच लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

