सीएम की अगुवाई में ऊना में 7 सितंबर को होगी ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’

WhatsApp Channel Join Now
सीएम की अगुवाई में ऊना में 7 सितंबर को होगी ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’


ऊना, 18 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल को नशामुक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रहे व्यापक जन-जागरूकता अभियान के तहत 7 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन किया जाएगा। वॉकाथॉन के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने आज जिला परिषद सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सात सितंबर सोमवार को प्रातः करीब 10 बजे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इंदिरा स्टेडियम ऊना से ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और स्वयं भी वॉकाथॉन में शामिल होकर प्रतिभागियों के साथ चलेंगे। प्रस्तावित रूट के अनुसार वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम ऊना से आरंभ होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवाओं एवं उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की ‘एंटी-चिट्टा शपथ’ भी दिलाएंगे। इस दौरान वे युवाओं से संवाद भी करेंगे। वॉकाथॉन का उद्देश्य युवाओं को चिट्टे एवं अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना को और मजबूत करना है।

उपायुक्त ने कहा कि वॉकाथॉन में कक्षा नौवीं से लेकर कॉलेज के अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को मुख्य लक्षित समूह के रूप में जोड़ा जा रहा है। संबंधित शिक्षण संस्थानों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से युवाओं तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने बताया कि इंदिरा स्टेडियम में मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ पाइनस’ के कलाकार गीत-संगीत के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक एवं प्रेरणादायक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि वॉकाथॉन के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ऊना इशांत जसवाल को आयोजन के लिए ओवरऑल नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित उपमंडलों के एसडीएम एवं डीएसपी अपने-अपने क्षेत्रों से विद्यार्थियों के आवागमन को लेकर समुचित समन्वय एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story