ऊना में गोबर के साथ रैली निकाल भाजपा युवा मोर्चा ने सरकार को घेरा
ऊना, 17 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों को लेकर सोमवार को ऊना शहर में भाजपा युवा मोर्चा का विरोध अनोखे अंदाज में नजर आया। भाजयुमो कार्यकर्ता रेहड़ी पर गोबर रखकर सडक़ों पर उतरे और एमसी पार्क से आईएसबीटी तक रोष रैली निकालते हुए कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अगुवाई भाजयुमो जिलाध्यक्ष रजत राणा ने की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को सरकार बनने के बाद भुला दिया गया है।
रजत राणा ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को पांच लाख नौकरियां देने की गारंटी दी थी। सत्ता संभालने के साढ़े तीन साल बाद भी युवाओं को अपेक्षित संख्या में नियमित रोजगार नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगार युवा आज भी सरकार की घोषणाओं के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। भाजयुमो ने कांग्रेस की गोबर खरीद गारंटी को प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा बनाया। राणा ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने दो रुपये प्रति किलो की दर से गोबर खरीदने का वादा किया था, लेकिन अभी तक इस गारंटी को प्रदेशभर में प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया। इसी के विरोध में कार्यकर्ता रेहड़ी पर गोबर रखकर शहर की सडक़ों पर निकले।
उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस की गारंटियों पर भरोसा कर सरकार बनाई थी। अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह चुनाव के दौरान किए गए वादों को धरातल पर उतारे। भाजयुमो नेताओं ने सरकार से दो रुपये प्रति किलो की दर से गोबर खरीद शुरू करने और युवाओं को रोजगार देने की मांग की। रजत राणा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गोबर खरीद की गारंटी को जल्द लागू नहीं किया तो भाजयुमो कार्यकर्ता गोबर लेकर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के आवास तक पहुंचेंगे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

