हरोली के 200 स्टूडेंट्स को सम्मान, प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवॉर्ड से डिप्टी सीएम ने नवाजे होनहार

WhatsApp Channel Join Now
हरोली के 200 स्टूडेंट्स को सम्मान, प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवॉर्ड से डिप्टी सीएम ने नवाजे होनहार


ऊना, 12 जुलाई (हि.स.)। ऊना के हरोली स्थित पालकवाह ऑडिटोरियम में प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन की ओर से रविवार को आयोजित प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 200 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में मेधावी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

फाउंडेशन की ओर से दसवीं और जमा दो के मेधावी विद्यार्थियों को 5,100 रुपये और 3,100 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। इस वर्ष सम्मानित विद्यार्थियों में दसवीं के 139 और जमा दो के 64 विद्यार्थी शामिल रहे। पिछले वर्ष ऐसे विद्यार्थियों की संख्या लगभग 150 थी।

फाउंडेशन का कहना है कि इस पहल के बाद 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि सफलता के रास्ते में चुनौतियां आती हैं और विद्यार्थियों को उनसे घबराने के बजाय मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष शुरू हुई इस पहल से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बना है और आने वाले समय में अधिक छात्र-छात्राएं इस सम्मान के पात्र बनेंगे।

उन्होंने कहा कि हरोली में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, क्षेत्र के लॉ कॉलेज से पढ़े कई विद्यार्थी आज देश के सर्वोच्च न्यायालय में वकालत कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हरोली में जल्द इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा और खड्ड क्षेत्र में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक इनडोर स्टेडियम का पहला चरण तैयार किया जाएगा।

समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों से मेहनत पर ध्यान देने, अच्छी संगति अपनाने और असफलताओं से सीख लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और इंजीनियर बनने के अलावा भी अनेक क्षेत्रों में बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। अमेरिका में उद्योगपति और मूल रूप से ऊना के पनोह निवासी जय चौधरी का वीडियो संदेश भी सुनाया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, लगातार मेहनत करने और चुनौतियों को अवसर में बदलने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story