पुलिस महानिरीक्षक विमल गुप्ता ने एंटी चिट्टा वॉकथॉन की तैयारियों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस महानिरीक्षक विमल गुप्ता ने एंटी चिट्टा वॉकथॉन की तैयारियों का लिया जायजा


पुलिस महानिरीक्षक विमल गुप्ता ने एंटी चिट्टा वॉकथॉन की तैयारियों का लिया जायजा


ऊना, 29 अगस्त (हि.स.)। नशे के विरुद्ध जनजागरूकता एवं युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा वॉकथॉन की तैयारियों का शनिवार को हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिरीक्षक विमल गुप्ता ने इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम ऊना में जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर वॉकथॉन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में होने वाली इस वॉकथॉन का प्रस्तावित रूट प्लान इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम ऊना से आरंभ होकर बेदी पेट्रोल पंप होते हुए आईएसबीटी ऊना तक रहेगा तथा इसके उपरांत प्रतिभागी वापस इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम पहुंचेंगे। पुलिस महानिरीक्षक ने वॉकथॉन में भाग लेने वाले बच्चों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सहित आयोजन से जुड़े अन्य आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्टेडियम में प्रवेश एवं निकासी द्वारों की व्यवस्था, बच्चों के लिए उपलब्ध करवाई जाने वाली रिफ्रेशमेंट, स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित किए जाने वाले दो हेल्थ चेकअप बूथ तथा कार्यक्रम स्थल पर बलून उड़ाने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने आयोजन के दौरान बच्चों एवं अन्य प्रतिभागियों की सुविधा तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को सफल बनाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आमजन, विशेषकर युवाओं से एंटी चिट्टा अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डीआईजी डरोह खुशहाल शर्मा, एसपी सचिन हिरेमठ, एडीसी इशांत जसवाल, आईआरबीएन बनगढ़ की कमांडेंट आकृति शर्मा, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथीपॉल सिंह, सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा, संयुक्त आयुक्त उद्योग अंशुल धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

Share this story