चंडीगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, हिमाचल के तीन लोगों की मौत
ऊना, 07 जुलाई (हि.स.)। जिला ऊना के तीन लोगों की मंगलवार को चंडीगढ़ के निकट हुए एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा मोहाली-कुराली हाईवे पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर से टकराकर उसके नीचे जा घुसी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान देहलां गांव के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी सुरेश ऐरी, मैहतपुर औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपति शम्मी जैन के पुत्र एवं व्यवसायी आदित्य जैन तथा उनकी पुत्रवधू के रूप में हुई है। सुरेश ऐरी चढ़तगढ़ स्थित वृद्धजन आश्रय 'पुरोधा' के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे हैं और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग एक विवाह समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहाली-कुराली हाईवे पर उनकी कार के आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दी। पीछे से आ रही कार चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वाहन सीधे कंटेनर के पिछले हिस्से के नीचे जा घुसा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही ऊना जिले के देहलां और मैहतपुर क्षेत्र सहित पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

