लोकतंत्र मजबूत करने के लिए हर मतदाता जरूर करे मतदान : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र मजबूत करने के लिए हर मतदाता जरूर करे मतदान : राज्यपाल


शिमला, 16 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रविवार को होने वाले शहरी निकाय चुनावों से पहले राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने प्रदेशवासियों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि बेहतर और सुशासित शहरों की नींव हैं। ऐसे में हर पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना चाहिए।

प्रदेश में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए शुक्रवार शाम चुनाव प्रचार थम गया था। अब रविवार, 17 मई को मतदान होगा। इस बार धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगमों समेत कई शहरी निकायों में चुनाव कराए जा रहे हैं।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि मतदान करना हर नागरिक का अधिकार भी है और कर्तव्य भी। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मतदान केंद्रों तक पहुंचने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता का एक-एक वोट शहरों और प्रदेश के भविष्य को तय करने में अहम भूमिका निभाता है।

राज्यपाल ने खास तौर पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से उत्साह के साथ चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान करना केवल संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का गर्व भरा अवसर भी है। युवाओं को अपने शहरों के भविष्य को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी मतदाता चुनाव के दौरान सौहार्द, शालीनता और निष्पक्ष चुनाव की भावना बनाए रखें ताकि लोकतंत्र का यह पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story