उहल नदी में महाशीर मछली के पांच हजार बड़े आकार के बीज का संचयन

WhatsApp Channel Join Now
उहल नदी में महाशीर मछली के पांच हजार बड़े आकार के बीज का संचयन


मंडी, 06 जून (हि.स.)। मत्स्य विभाग द्वारा मंडी जिले के कमांद में आईआईटी कमांद पुल के निकट उहल नदी में महाशीर मछली के 5 हजार बड़े आकार के बीज का संचयन किया गया। यह जानकारी सहायक निदेशक मत्स्य, मत्स्य मंडल मंडी नीतू सिंह ने बताया कि पर्यावरण रक्षक मंच के अनुरोध पर इस बीज का संचय ऊहल नदी में किया गया है। यहां डाला गया बीज विभागीय महाशीर फार्म मच्छयाल में उत्पादित किया गया है।

उन्होंने बताया कि महाशीर एक लुप्तप्राय प्रजाति की मछली है और मंडी जिले की नदियों में महाशीर बीज का संयचन नदियों में जैव विविधता की वृद्धि एवं महाशीर मछली के संरक्षण की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि 50 सेंटीमीटर या उससे कम आकार की महाशीर मछली को पकड़ने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। इनमें लाइसेंस धारक मछुआरे भी शामिल होंगे। यदि कोई व्यक्ति अवैध मत्स्य आखेट करते हुए पाया जाता है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने स्थानीय मछुआरों से अवैध मत्स्य आखेट न करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story