पेपर लीक, बेरोजगारी और नशा युवाओं के प्रमुख मुद्दे : उदय भानु चिब

WhatsApp Channel Join Now


धर्मशाला, 21 सितंबर (हि.स.)। धर्मशाला में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा में समानता और नशा युवाओं से जुड़े प्रमुख मुद्दे हैं। युवा कांग्रेस लंबे समय से बेरोजगारी और नशे के खिलाफ अभियान चला रही है और युवाओं की आवाज को मंच देने का काम जारी रखेगी।

चिब ने कहा कि नशे की समस्या केवल नशे की चपेट में आए व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है। युवा कांग्रेस देशभर में बेरोजगारी और नशे के खिलाफ युवाओं की आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार और शिक्षा से जुड़े कई सवाल हैं, जिन पर गंभीरता से चर्चा किए जाने की जरूरत है।

जेन-जी को लेकर चिब ने कहा कि युवाओं को आकर्षित करने के लिए खुद जेन-जी बनने की जरूरत नहीं है, बल्कि उनकी समस्याओं और सवालों को समझना जरूरी है। नई पीढ़ी सवाल पूछती है और अपने स्तर पर मुद्दों को समझकर निर्णय लेती है। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं में बढ़ती चिंता जैसे विषयों पर भी चर्चा की। दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव में एनएसयूआई की हार पर चिब ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव में जीत हासिल नहीं कर पाई, लेकिन एनएसयूआई को कई स्तरों पर चुनौती का सामना करना पड़ा।

उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवारों को मिले वोटों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि पूरी जेन-जी किसी एक राजनीतिक संगठन के साथ है।

इंदौर में हुई मिमिक्री को लेकर उठे विवाद पर चिब ने कहा कि राजनीतिक विवाद खड़ा करने के बजाय बेरोजगारी, पेपर लीक, नशे और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। राहुल गांधी के कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों के सवालों और मुद्दों को लगातार मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story