पांवटा साहिब में दो सड़क हादसों में चार युवक घायल, एक की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now


नाहन, 08 नवंबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। इनमें एक युवती और तीन मोटरसाइकिल सवार युवक शामिल हैं। एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले मामले में 7 नवंबर को कृष्ण कांत पुत्र समर नाथ निवासी बलदेव नगर, बरनाला, तहसील अंबाला कैंट, जिला अंबाला (हरियाणा) ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता के अनुसार 26 अक्टूबर को रात करीब 8:26 बजे उसकी बहन भावना पांवटा साहिब स्थित आईटीआई के सामने सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में भावना के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते देहरादून रेफर कर दिया गया। वहां उसका उपचार जारी है।

दूसरे मामले में 7 नवंबर को चांद पुत्र सज्जन सिंह निवासी गांव अमरकोट, डाकघर निहालगढ़, तहसील पांवटा साहिब ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार, 7 नवंबर को शाम करीब 5:15 बजे वह साहवेज और सयान के साथ मोटरसाइकिल नंबर HP17F-7034 पर सवार होकर धौलाकुआं की ओर जा रहे थे। ट्रक यूनियन गोंदपुर से आगे डीएफओ कार्यालय के समीप ब्रेकरों पर मोटरसाइकिल चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते वाहन से नियंत्रण खो दिया। इससे मोटरसाइकिल सहित तीनों सड़क किनारे बनी सीमेंटेड रेलिंग से टकराकर गिर गए।

हादसे में तीनों को चोटें आईं, जबकि साहवेज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में अभियोग दर्ज कर लिए हैं। पुलिस हादसों के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774236 Articles

Share this story