चूड़धार के जंगल में रास्ता भटके दो व्यक्ति, शिमला पुलिस ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर ढूंढ निकाला

WhatsApp Channel Join Now
चूड़धार के जंगल में रास्ता भटके दो व्यक्ति, शिमला पुलिस ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर ढूंढ निकाला


नाहन, 11 अक्टूबर (हि.स.)। चूड़धार क्षेत्र के दुर्गम जंगल में रास्ता भटकने से फंसे दो व्यक्तियों को शिमला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सकुशल रेस्क्यू कर लिया। 112 हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिलने के बाद चौपाल पुलिस की टीम रात के अंधेरे में ही तलाश अभियान पर निकल पड़ी। पुलिस ने अलग-अलग समय पर दोनों व्यक्तियों को खोजकर सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 अक्टूबर की रात 112 हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस थाना चौपाल को सूचना मिली कि चूड़धार के जंगल में दो व्यक्ति रास्ता भटक गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देरी किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्गम वन क्षेत्र और रात के अंधेरे के बावजूद पुलिस कर्मियों ने तलाश जारी रखी।

रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस टीम ने रात करीब 3 बजे अजय कुमार (31), निवासी जिला कुल्लू, को सकुशल खोज निकाला। इसके बाद सुबह करीब 5 बजे नक्श ठाकुर (22), निवासी जिला सिरमौर, को भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। दोनों व्यक्तियों ने स्वयं को स्वस्थ बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें मंडाहलाणी में उनके अन्य साथियों के सुपुर्द कर दिया।दुर्गम क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील

एसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि शिमला पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रेकिंग और भ्रमण के दौरान पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित रास्तों पर ही चलें, मौसम और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी लेकर यात्रा करें तथा पर्याप्त तैयारी के साथ ही दुर्गम क्षेत्रों में निकलें।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग 112 हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस की सहायता ले सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story