हेरोइन-चरस बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 19 जून (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मंगलवार को बड़ी कामयाबी हासिल की। पुलिस ने अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज कर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से हेरोइन और चरस बरामद की गई है।

पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने मंगलवार को बद्रीपुर, विश्वकर्मा चौक, देवीनगर, यमुनाब्रिज के पास गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी। तलाशी में देवीनगर, वार्ड नं. 10 निवासी ईनाम पुत्र ईकराम के कब्जे से 2.65 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं थाना नाहन की पुलिस टीम ने एचआरटीसी बस स्टैंड पार्किंग में गश्त के दौरान गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए रेणुका जी तहसील के गांव भाटगढ़ निवासी काकू राम पुत्र तोता राम को दबोचा। उसके पास से 5.270 ग्राम चरस बरामद हुई। नाहन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एन डी पी एस एक्ट में केस दर्ज कर आगामी अन्वेषण शुरू कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिन्त नेगी ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। आम जनता से अपील है कि नशे की खरीद-फरोख्त की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story