अभिषेक एस बने कुल्लू के नए पुलिस अधीक्षक, मदन लाल को पुलिस मुख्यालय शिमला बुलाया

WhatsApp Channel Join Now
अभिषेक एस बने कुल्लू के नए पुलिस अधीक्षक, मदन लाल को पुलिस मुख्यालय शिमला बुलाया


शिमला, 05 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी अभिषेक एस का तबादला करते हुए उन्हें कुल्लू जिले का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया है। गृह विभाग की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

अभिषेक एस वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह अब तक पुलिस मुख्यालय शिमला में पुलिस अधीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) के पद पर कार्यरत थे। इसके साथ ही उनके पास पुलिस अधीक्षक, साइबर क्राइम (सीआईडी), हिमाचल प्रदेश का अतिरिक्त कार्यभार भी था। अब उन्हें कुल्लू जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

सरकार ने कुल्लू के मौजूदा पुलिस अधीक्षक मदन लाल को तत्काल प्रभाव से पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं। अधिसूचना में कहा गया है कि उनकी नई तैनाती के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story