हिमाचल में प्रशासनिक फेरबदल, दो जिलों के उपायुक्त बदले
शिमला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने चार आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस सम्बंध में शनिवार को अधिसूचना जारी हुई है। लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना को बिलासपुर का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, बिलासपुर के उपायुक्त रहे राहुल कुमार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सचिव निवेदिता नेगी को लाहौल-स्पीति का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
कर एवं आबकारी विभाग के सचिव डॉ. यूनुस को सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी), सामाजिक कल्याण विभाग और संसदीय कार्य विभाग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इस जिम्मेदारी से आशीष सिंहमार को मुक्त किया गया है।
राहुल कुमार की एचआरटीसी में नियुक्ति के बाद इस पद का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे शिवम प्रताप सिंह को भी इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

