हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 आईएएस और 16 एचएएस अधिकारियों के तबादले

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 आईएएस और 16 एचएएस अधिकारियों के तबादले


शिमला, 06 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 आईएएस और 16 हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। कई जिलों में एडीसी और एसडीएम भी बदले गए हैं।

आईएस अधिकारियों में हिमाचल सरकार में सलाहकार (रेगुलेटरी रिफॉर्म्स) और प्रधान सचिव डॉ. अभिषेक जैन को वित्त आयुक्त (अपील) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। उनके पास प्रधान सचिव (वित्त, योजना, अर्थ एवं सांख्यिकी, 20 सूत्रीय कार्यक्रम), प्रधान सचिव (जल शक्ति विभाग) और प्रधान सचिव (तकनीकी शिक्षा) का कार्यभार पहले की तरह रहेगा। सुदेश कुमार मोकटा को सचिव (सहकारिता) नियुक्त किया गया है। अमरजीत सिंह अब सचिव (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एवं हाउसिंग) के रूप में कार्य करेंगे। सचिव (गृह) का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास पहले की तरह रहेगा।

तोरुल एस. रवीश को निदेशक, भू-अभिलेख नियुक्त किया गया है। अभिषेक वर्मा अब निदेशक, हिमाचल मिल्कफेड के रूप में कार्य करेंगे। अजय कुमार यादव को प्रबंध निदेशक, हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन, शिमला नियुक्त किया गया है। महेंद्र पाल गुर्जर को एडीसी ऊना के पद से स्थानांतरित कर निदेशक (कार्मिक एवं वित्त), हिमाचल प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, शिमला बनाया गया है। विनय कुमार एडीसी कांगड़ा के पद पर बने रहेंगे और उन्हें हिमाचल प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम, कांगड़ा के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से शिव मोहन सिंह सैनी को मुक्त किया गया है।

राहुल जैन को एडीसी सोलन के पद से स्थानांतरित कर हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम और महिला विकास निगम, सोलन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के रजिस्ट्रार और मानव भारती विश्वविद्यालय, सोलन के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। दिव्यांशु सिंगल को एडीसी सोलन नियुक्त किया गया है। ओम कांत ठाकुर को प्रबंध निदेशक, हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम, शिमला और गुरसिमर सिंह को प्रबंध निदेशक, जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड, शिमला नियुक्त किया गया है।

ईशांत जसवाल को एडीसी ऊना, रुपिंदर कौर को एडीसी बिलासपुर, डॉ. राजदीप सिंह को आयुक्त, नगर निगम सोलन और प्रियांशु खाती को एडीसी मंडी नियुक्त किया गया है। डॉ. अंजलि गर्ग को एसडीएम कांगड़ा और चंद्र प्रकाश को एसडीएम मंडी बनाया गया है।

एचएएस अधिकारियों के तबादलों में एडीसी कुल्लू अश्वनी कुमार को परियोजना अधिकारी, एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना (आईटीडीपी), केलांग नियुक्त किया गया है। नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा को अतिरिक्त निदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान बनाया गया है। संजीव कुमार-प्रथम को सहायक बंदोबस्त अधिकारी, अर्की नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, कांगड़ा शिल्पी बेक्टा को अतिरिक्त सचिव (लोक निर्माण विभाग) बनाया गया है। उन्हें राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी सभाएं, कांगड़ा का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास पहले की तरह रहेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (विकास)-सह-परियोजना निदेशक (डीआरडीए), कुल्लू नियुक्त किया गया है।

हितेश आजाद को सहायक बंदोबस्त अधिकारी, शिमला नियुक्त किया गया है। इस पद पर तैनात संजय कुमार के तबादले के अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। सिद्धार्थ आचार्य को कार्यकारी निदेशक, हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी), शिमला नियुक्त किया गया है। सनी शर्मा को एसडीएम कुपवी और नरेश कुमार वर्मा को श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज, नेरचौक का अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है। चेत सिंह को सचिव, राज्य परिवहन प्राधिकरण-सह-अतिरिक्त आयुक्त, परिवहन का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से नरेश ठाकुर को मुक्त किया गया है।

गौरव चौधरी को अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी सभाएं, कांगड़ा नियुक्त किया गया है। विश्रुत भारती को एसडीएम कफोटा और रमन कुमार शर्मा को एसडीएम फतेहपुर बनाया गया है। अभिषेक बरवाल को एसडीएम घुमारवीं तथा पूजा अधिकारी को एसडीएम नगरोटा बगवां नियुक्त किया गया है। इस पद पर तैनात मुनीश कुमार शर्मा के तबादले के अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। अमन कुमार को हिमाचल प्रदेश हॉर्टिकल्चरल प्रोड्यूस मार्केटिंग एंड प्रोसेसिंग कॉरपोरेशन (एचपीएमसी), शिमला का महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story