वीकेंड पर शिमला में उमड़े सैलानी, दो दिन में 18 हजार वाहनों की आवाजाही

WhatsApp Channel Join Now
वीकेंड पर शिमला में उमड़े सैलानी, दो दिन में 18 हजार वाहनों की आवाजाही


शिमला, 10 मई (हि.स.)। वीकेंड पर पहाड़ों की रानी शिमला में सैलानियों का सैलाब उमड़ा। गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक राजधानी पहुंचे, जिसके चलते शिमला-कालका नेशनल हाईवे से लेकर शहर के भीतर तक ट्रैफिक जाम देखने को मिला। पिछले दो दिनों में शिमला के प्रवेश द्वार शोघी बैरियर पर 18 हजार से ज्यादा वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। इससे शहर में यातायात दबाव काफी बढ़ गया।

लोक निर्माण विभाग की ओर से विक्ट्री टनल से लक्कड़ बाजार होते हुए संजौली मार्ग पर पैचवर्क और सड़क मरम्मत का काम भी चल रहा है। ऐसे में शहर के कई हिस्सों में यातायात धीमा रहा। विक्ट्री टनल, टूटीकंडी, ढली टनल और संजौली मार्ग पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। माल रोड और रिज मैदान में भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक बनी रही।

शहर के पार्किंग स्थलों में भी जगह कम पड़ गई। कई पार्किंग सुबह से ही भर गईं, जिसके कारण पर्यटकों को वाहन खड़े करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। होटल कारोबारियों के मुताबिक वीकेंड के चलते शिमला के होटलों में ऑक्यूपेंसी 80 फीसदी तक पहुंच गई है। बड़ी संख्या में पर्यटक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से पहुंचे हैं।

सिर्फ शिमला शहर ही नहीं बल्कि कुफरी, नारकंडा, मशोबरा, नालदेहरा और चायल जैसे पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की अच्छी आवाजाही रही। जाखू मंदिर और तारा देवी मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों में भी श्रद्धालुओं और सैलानियों की भीड़ उमड़ी। टैक्सी ऑपरेटरों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों के मुकाबले इस वीकेंड उनका काम काफी बढ़ा है और पूरे दिन बुकिंग मिल रही है।

इस भारी दबाव के बीच जिला पुलिस शिमला और यातायात पुलिस लगातार ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटी रही। पुलिस के अनुसार 9 और 10 मई को शोघी बैरियर पर करीब 18,821 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। यातायात को नियंत्रित रखने के लिए शहर के कई हिस्सों में अस्थायी डायवर्जन लागू किए गए। पुलिस कर्मियों ने लगातार फील्ड में मौजूद रहकर ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने की कोशिश की। पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सहयोग बनाए रखने की अपील भी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story