सैलानियों से गुलजार हुआ शिमला, कालका-शिमला ट्रेन सेवा बंद, सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें

WhatsApp Channel Join Now
सैलानियों से गुलजार हुआ शिमला, कालका-शिमला ट्रेन सेवा बंद, सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें


शिमला, 04 अक्टूबर (हि.स.)। कालका-शिमला हेरिटेज रेल मार्ग पर भूस्खलन के बाद मरम्मत कार्य के चलते पिछले कई दिनों से कालका से शिमला के बीच सीधी ट्रेन सेवा बंद है। ऐसे में लंबे वीकेंड पर शिमला पहुंचने वाले बाहरी राज्यों के सैलानियों ने सड़क मार्ग का रुख किया। बड़ी संख्या में पर्यटकों के वाहनों के शिमला पहुंचने से कालका-शिमला हाईवे समेत शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर यातायात बढ़ गया। रविवार को वीकेंड के बाद सैलानियों की वापसी शुरू होने से शिमला से कालका की ओर वाहनों की आवाजाही अधिक रही।

मानसून की विदाई के बाद साफ मौसम के बीच शिमला में पर्यटन गतिविधियां भी तेज हुई हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों से सैलानी शिमला पहुंचे। पिछले दो दिनों में बाहरी राज्यों से करीब 34 हजार वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। शहर के होटलों में करीब 80 से 90 प्रतिशत तक कमरे बुक रहे। जिला पर्यटन अधिकारी शिमला जगदीश शर्मा के अनुसार पिछले कुछ दिनों में शिमला और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने लंबे वीकेंड और अनुकूल मौसम को पर्यटकों की बढ़ी संख्या का प्रमुख कारण बताया।

जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि शिमला के कई होटल अपनी क्षमता के करीब पहुंच गए हैं। शहर के अलावा सैलानी आसपास के पर्यटन क्षेत्रों की ओर भी जा रहे हैं। इससे पर्यटन से जुड़े कारोबार में भी गतिविधियां बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिछले साल की तरह प्राकृतिक आपदाओं का असर नहीं रहा। मानसून के दौरान भी शिमला में पर्यटकों की आवाजाही बनी रही और अब मानसून की विदाई के बाद पर्यटन गतिविधियों में और तेजी आने की उम्मीद है।

पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही का असर शिमला के यातायात पर भी पड़ा। इस वीकेंड पर तारादेवी की ओर से शिमला आने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। टूटीकंडी, कार्ट रोड और ढली क्षेत्र में भी यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने यातायात व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाते हुए अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं।

रविवार को शिमला की ओर आने वाले वाहनों की तुलना में शिमला से कालका की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही अधिक रही। लंबे वीकेंड के बाद बड़ी संख्या में सैलानियों ने शिमला से वापसी शुरू की। इससे कालका-शिमला मार्ग पर कई स्थानों पर वाहनों की कतारें लगीं। पिछले दो दिनों में करीब 34 हजार बाहरी राज्यों के वाहनों की आवाजाही का आंकड़ा इस वीकेंड पर शिमला में पर्यटकों की बड़ी संख्या को दर्शाता है।

कालका-शिमला हेरिटेज रेल मार्ग पर एक पुल के पास भूस्खलन के बाद मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते कालका से शिमला के लिए सीधी ट्रेनों की आवाजाही पिछले कई दिनों से बंद है। ऐसे में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए सड़क मार्ग ही प्रमुख विकल्प बना हुआ है। सड़क मार्ग से पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही के कारण कालका-शिमला हाईवे और शिमला के प्रवेश मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story