शिमला : नकदी से भरा पर्यटक का बैग खोया, पुलिस ने चंद घंटों में खोजकर लौटाया
शिमला, 21 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी शिमला में पुलिस की त्वरित कार्रवाई का एक और बेहतर मामला सामने आया है। तमिलनाडु से घूमने आए एक पर्यटक का रिज मैदान क्षेत्र में नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग गुम हो गया, जिसे जिला पुलिस ने कुछ ही घंटों में ढूंढकर सुरक्षित वापस कर दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को तमिलनाडु से आए एक पर्यटक ने पुलिस रिपोर्टिंग रूम, माल रोड शिमला में सूचना दी कि रिज मैदान के पास उसका बैग कहीं गुम हो गया है। बैग में करीब 15 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। बैग गायब होने से पर्यटक काफी चिंतित हो गया था।
सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस टीम तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस कर्मी बिना देरी किए रिज मैदान क्षेत्र में पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। त्वरित और सतर्क कार्रवाई के चलते पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों के भीतर बैग का पता लगा लिया।
पुलिस ने बैग को सुरक्षित हालत में बरामद कर संबंधित पर्यटक को सुपुर्द कर दिया। अपना सामान वापस मिलने पर पर्यटक ने शिमला पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
जिला पुलिस शिमला का कहना है कि माल रोड और रिज मैदान देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण स्थल हैं, जहां प्रतिदिन हजारों लोग पहुंचते हैं। इस क्षेत्र में तैनात कंट्रोल रूम पुलिस कर्मी लगातार मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभा रहे हैं और पर्यटकों तथा आम जनता को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और आगंतुकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

