भाजपा ने मुख्यमंत्री और भोरंज विधायक पर लगाए चुनावी वादाखिलाफी के आरोप
हमीरपुर, 23 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर और जिला कोषाध्यक्ष धमेंद्र शर्मा ने संयुक्त बयान जारी कर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और भोरंज के विधायक सुरेश कुमार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर महिलाओं के साथ चुनावी वादाखिलाफी और आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं।
राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में जब भी चुनाव आते हैं, तब मुख्यमंत्री को महिलाओं की याद आने लगती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने 18 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद यह वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन महिलाओं से आवेदन भरवाए गए थे, उनसे बाद में राशि भी वापस ले ली गई।
उन्होंने कहा कि अब पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव से ठीक पहले सरकार ने दो लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने के प्रस्ताव को मंजूरी देकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया है। भाजपा नेताओं ने इसे चुनावी छलावा करार दिया।
वहीं धर्मेंद्र शर्मा ने भोरंज विधायक सुरेश कुमार पर पंचायतों में 15वें वित्त आयोग के अप्रयुक्त फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए निर्धारित राशि से महिला मंडलों को कुर्सियां बांटी जा रही हैं और इसका श्रेय विधायक स्वयं ले रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि महिलाओं को जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने के बदले तीर्थ यात्रा करवाने का प्रलोभन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनाव आचार संहिता के खिलाफ है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की महिलाएं अब कांग्रेस के चुनावी वादों और हथकंडों को समझ चुकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

