तंबाकू मुक्त हिमाचल अभियान का राज्यपाल ने किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
तंबाकू मुक्त हिमाचल अभियान का राज्यपाल ने किया शुभारंभ


शिमला, 12 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में युवाओं और आम लोगों को तंबाकू व नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तंबाकू मुक्त हिमाचल अभियान की शुरुआत की गई है। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मंगलवार को शिमला स्थित लोक भवन में इस अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान सामाजिक संस्था युवाह (यूथ फॉर वॉलंटरी एक्शन इन हिमाचल) की ओर से प्रदेश के सभी 12 जिलों में चलाया जाएगा।

इस दौरान युवाह के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर संगठन के मिशन ‘यूथ फॉर राइज-नो टू ड्रग्स, यस टू पैशन’ की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि संस्था प्रदेशभर में युवाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों को तंबाकू और नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

संगठन की ओर से राज्य के विभिन्न हिस्सों में जागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान और कई सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में भी युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संस्था ने कहा कि सामुदायिक भागीदारी और स्वयंसेवी प्रयासों के जरिए नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए युवाओं में जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने युवाह की टीम को भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ काम जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया और अभियान की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। राज्यपाल ने कहा कि मूल्य आधारित शिक्षा, सकारात्मक सोच और सामाजिक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी से समाज में बेहतर बदलाव लाया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story