पांवटा साहिब में भाजयुमो ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 09 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल पांवटा साहिब द्वारा राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के सम्मान में आज भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ शहीद शेर सिंह स्मारक, सूरजपुर से हुआ। 100 से अधिक बाइकों पर सवार युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और जोश के साथ यात्रा में भाग लिया।

तिरंगा यात्रा सूरजपुर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार से होते हुए शहीद बलबीर सिंह स्मारक, बेहड़ेवाला पहुंची, जहां शहीद को श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा शहीद सोहन सिंह स्मारक पहुंची, जहां तिरंगा यात्रा का समापन किया गया। सावन के पावन अवसर पर पांवटा साहिब से सैकड़ों युवा कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार गए हुए हैं। इसके बावजूद 100 से अधिक बाइक सवार युवाओं का तिरंगा यात्रा में एकत्रित होना युवाओं के राष्ट्रप्रेम, संगठन के प्रति समर्पण और देशभक्ति के जज्बे को दर्शाता है। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।

यात्रा में पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे और पूरी यात्रा के दौरान युवाओं के साथ रहे। उन्होंने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि देश का युवा जब राष्ट्रध्वज और शहीदों के सम्मान में एकजुट होता है, तो यह राष्ट्र की मजबूती का संदेश देता है।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा मंडल पांवटा साहिब के अध्यक्ष संयम गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान को नमन करना है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब का युवा राष्ट्रहित के प्रत्येक विषय में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story