वाल्मीकि शोभायात्रा के रूट को लेकर एसडीएम नाहन को धमकी, अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 25 अक्टूबर (हि.स.)। नाहन में श्री वाल्मीकि जयंती पर शोभायात्रा के रूट को लेकर उपमंडलाधिकारी नाहन को धमकी देने का मामला सामने आया है। एसडीएम की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने शनिवार रात एसडीएम को व्हाट्सएप कॉल कर चेतावनी दी कि यदि रविवार को निकलने वाली श्री वाल्मीकि शोभायात्रा का रूट बदला गया तो इसका अंजाम बुरा होगा। पुलिस के अनुसार, 24 अक्तूबर की रात करीब 8:37 बजे एसडीएम के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले शख्स ने 25 अक्तूबर को वाल्मीकि जयंती के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा का रूट बदलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

गौरतलब है कि नाहन में 23 अक्तूबर को दो समुदायों के बीच विवाद और पथराव की घटना के बाद श्री वाल्मीकि जी की शोभायात्रा के रूट को लेकर स्थिति संवेदनशील हो गई थी। लिहाजा, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने रविवार को शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।

पहले शोभायात्रा के रूट में बदलाव किया गया था, लेकिन रविवार को दोनों पक्षों के बीच फिर हुई बैठक के बाद पुराने वाले रूट पर ही शोभायात्रा निकाली गई, जो सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई।

एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस तकनीकी जांच और कॉल डिटेल का विश्लेषण कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी को धमकाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766698 Articles

Share this story