पांवटा साहिब में किन्नर गुटों में मारपीट, थाना में मामला दर्ज
नाहन, 15 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस थाना पांवटा साहिब के अंतर्गत मारपीट का एक मामला दर्ज हुआ है। 14 अक्टूबर को पुलिस थाना पांवटा साहिब में ज्योति महंत निवासी वार्ड नं. 09, देवीनगर पांवटा साहिब, जिला सिरमौर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह किन्नर है और इलाके में बधाई लेने का काम करती है। पहले वह राज कुमारी महंत गद्दीपति गुरु की शिष्या थी, उसके बाद वह उनसे अलग हो गई तथा इलाके में शगुन/बधाई देने के लिए जाती रहती है।
9 अक्टूबर को वह अपने शिष्यों के साथ बालाजी कंपनी बातामंडी में दिवाली का शगुन लेने के लिए गई हुई थी। जब वह कंपनी में मौजूद थी तो वहां पर राज कुमारी महंत अपने शिष्यों जस्सी, समीर निवासी छछरौली हरियाणा, शहजाद उर्फ गेंदा, फुरकान निवासीगण हल्दरी व अन्य तीन किन्नरों के साथ आ गई। राज कुमारी महंत ने अपने शिष्यों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि ये लोग उन्हें धमकियां भी दिलवाते हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पुरे मामले की जाँच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

