पांवटा साहिब नगर परिषद चुनावों को लेकर थर्डफ्रंट सभी 13 वार्डों में उतारेगा निर्दलीय उम्मीदवार
नाहन, 28 अप्रैल (हि.स.)।
पांवटा साहिब नगर परिषद चुनावों को लेकर थर्डफ्रंट तैयार हो गया है। तीसरा फ्रंट नगर परिषद के सभी 13 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार उतारेगा । यहां समाजसेवी नाथूराम चौहान ने नगर परिषद के वार्ड नं. 5 और 9 से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। नाथूराम चौहान ने कहा कि अगले दो दिनों के भीतर सभी 13 वार्डों में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी।
पांवटा साहिब में कांग्रेस और भाजपा के समर्थित उम्मीदवारों की मुश्किलें बढ़ने जा रही है। यहां नगर परिषद चुनाव में आजाद उम्मीदवार दोनों दलों के समीकरण बिगाड़ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर थर्ड फ्रंट में राजनीतिक दलों और आजाद उम्मीदवारों को बड़ा झटका दिया है। थर्ड फ्रंट ने यहां पत्रकार वार्ता कर सभी 13 वार्डों में उम्मीदवार उतारने की घोषणा की। थर्ड फ्रंट ने जहां जीत के बाद शहर में कार्यों की प्राथमिकताओं को लेकर बात की वही, यह भी स्पष्ट किया कि यदि उनके उम्मीदवार हारते हैं तब भी वह शहर के विकास की लड़ाई में हमेशा अग्रणी रहेंगे। उनके पास जो शहर के विकास का मॉडल है उसे लागू करवाने के लिए पुरजोर प्रयास करेंगे।
पत्रकार वार्ता में नाथूराम चौहान ने कहा कि उनका और उनके साथियों का उद्देश्य गुरु गोविंद सिंह जी द्वारा बसाई इस नगरी को स्वच्छ और समृद्ध बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने साथियों के साथ शहर के विकास को लेकर हमेशा लड़ाई लड़ते रहे हैं मगर, अब नगर परिषद के भीतर बैठकर शहर की बेहतरीन के लिए काम करना उनका उद्देश्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

