नाहन से चोरी स्कूटी 2 दिन में अंबाला से बरामद
नाहन, 31 जुलाई (हि.स.)। पुलिस थाना सदर नाहन की गुन्नुघाट चौकी पुलिस ने चोरी हुई स्कूटी को मात्र 2 दिन के भीतर हरियाणा के अंबाला से बरामद कर लिया है। इस मामले में एक बाल अपचारी को भी काबू किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 जुलाई की रात नया बाजार स्थित 'सिंगला सेल्फ स्टोर' के सामने से शिकायतकर्ता अजय सिंगला, 58 वर्ष, की स्कूटी HP18C-5734 चोरी हो गई थी। 27 जुलाई को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिकायत दर्ज करवाई गई।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की त्वरित बरामदगी के लिए अन्वेषण अधिकारी रणबीर सिंह, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और कांस्टेबल चमन लाल की विशेष टीम को अंबाला भेजा गया।
पुलिस टीम ने अंबाला रेलवे स्टेशन और जीआरपी क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने चोरी में संलिप्त एक बाल अपचारी को काबू कर लिया। उसकी निशानदेही पर अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर रेलवे स्टेशन से 500 मीटर आगे से चोरी की गई स्कूटी को बरामद कर लिया गया।
डीएसपी नाहन रमा कांत ठाकुर ने बताया कि मामले में आगामी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों में खुशी का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

