सरकारी शामलात जमीन से बजरी चोरी, अवैध खनन का मामला दर्ज
नाहन, 19 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस थाना पच्छाद में अवैध खनन कर सरकारी जमीन से बजरी चोरी करने पर मामला दर्ज किया गया है। 19 अक्टूबर को पुलिस थाना पच्छाद की पुलिस टीम गश्त के दौरान मुकाम जडेनुआ में सड़क के पास मौजूद थी, तो सड़क के बाईं तरफ ऊपर थोड़ी दूरी पर पहाड़ी कटी हुई दिखाई दी तथा उस जगह से जे सी बी मशीन द्वारा खुदाई करने की आवाज आ रही थी।
मौके पर पहुंचने पर पाया कि एक जे सी बी नं. HP16AA-2238, टिप्पर नं. HP16AA-3587 को पहाड़ी से खुदाई करके निकाली गई ग्रेवल के ढेर से भर रहा था तथा एक अन्य टिप्पर खड़ा पाया गया। पूछताछ करने पर खनन के लिए प्रयोग की जा रही जमीन सरकारी शामलात पाई गई।
जे सी बी चालक नितिन चौहान तथा दोनों टिप्परों के चालक अजय पुंडीर व रोहन कुमार तथा सतीश ठाकुर जे सी बी व टिप्पर नं. HP16AA-3587 का मालिक बृजपाल तथा टिप्पर नं. HP16AA-3852 के संचालक मिलीभगत कर षड्यंत्रकारी तरीके से सरकारी शामलात भूमि में कटाव कर ग्रेवल की चोरी कर खनन करते हुए पाए गए। जिस पर अजय पुंडीर, नितिन चौहान, रोहन कुमार, सतीश ठाकुर, संजीव ठाकुर, बृजपाल के विरुद्ध पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

