रंगमंच को संवारने के लिए मंडी में आयोजित होगी नाट्य कार्यशाला

WhatsApp Channel Join Now
रंगमंच को संवारने के लिए मंडी में आयोजित होगी नाट्य कार्यशाला


मंडी, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला, भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला मंडी के संयुक्त तत्वाधान में हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान एवं रंगमंडल द्वारा एक प्रस्तुति परक नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला दिनांक प्रथम मई 2026 से 10 जून 2026 तक मंडी शहर के टाउन हॉल में आयोजित की जाएगी।

वरिष्ठ रंगकर्मी सीमा शर्मा ने बताया कि यह कार्यशाला उन सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो कला से जुड़ना चाहते हैं या अभिनय के क्षेत्र में अपना भविष्य तलाश रहे हैं। यह उनके लिए एक सशक्त पहला कदम सिद्ध होगी। कार्यशाला के निदेशक सुरेश शर्मा, जो संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली से सम्मानित हैं, के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उनके साथ राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निर्देशक भी इस कार्यशाला में अपना मार्गदर्शन देंगे।

उन्होंने बताया कि रंगमंच केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अभिव्यक्ति का एक सशक्त साधन है, जो व्यक्ति के मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह आत्मविश्वास, सहनशीलता और सकारात्मक सोच को विकसित करता है तथा समय के सार्थक उपयोग की दिशा दिखाता है। उन्होंने बताया कि मंडी वासियों के लिए यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि जो भी इच्छुक प्रतिभागी इस कार्यशाला में भाग लेना चाहते हैं, वे पहली मई को दोपहर 3:00 बजे टाउन हॉल, मंडी में उपस्थित होकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। क्योंकि कला जीवन के हर पड़ाव में हमारे साथ रहती है, बचपन से लेकर वृद्धावस्था तक। रंगमंच के माध्यम से हम अपने अनुभवों, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों को सजीव रूप में अभिव्यक्त करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story