संविधान के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
संविधान के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प


हमीरपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में लोक प्रशासन विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, इग्नू के विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान लोक प्रशासन विभाग के विभागाध्यक्ष एवं सहायक प्रोफेसर विनोद चंद ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके महत्व तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संवैधानिक आदर्शों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलवाई।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संविधान के मूलभूत सिद्धांतों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान की मूल भावना एवं उसकी मूलभूत संरचना को अक्षुण्ण बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के सिद्धांतों को केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन्हें अपने जीवन और व्यवहार में आत्मसात करना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को एक जागरूक, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की उप प्राचार्या प्रोफेसर नीलम गुलेरिया ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए संविधान के प्रति सम्मान, नागरिक जिम्मेदारियों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने पर बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story