एचपी शिवा परियोजना से किसानों की आय बढ़ेगी : सुनील शर्मा बिट्टू

WhatsApp Channel Join Now
एचपी शिवा परियोजना से किसानों की आय बढ़ेगी : सुनील शर्मा बिट्टू


हमीरपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश सरकार की एचपी शिवा परियोजना कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बुधवार को छबोट गांव में उद्यान विभाग की ओर से आयोजित पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया और मौसंबी का पौधा लगाया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार फल उत्पादन बढ़ाने और किसानों को बेहतर आमदनी के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना के तहत 15 अगस्त तक जिले के करीब 200 गांवों में एक लाख फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि छबोट गांव में करीब तीन हेक्टेयर क्षेत्र में 3,000 मौसंबी के पौधे लगाए जा रहे हैं। उनके अनुसार यह परियोजना उच्च मूल्य वाली फल फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ भूमि के बेहतर उपयोग और आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाने में भी मदद करेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत किसानों को भूमि विकास, अच्छी गुणवत्ता के पौधे, सोलर फेंसिंग, सिंचाई की सुविधा और ड्रिप सिंचाई प्रणाली उपलब्ध कराई जा रही है।

वहीं पौधरोपण और बागवानी से जुड़े अन्य कार्य किसान उद्यान विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन में कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि एचपी शिवा परियोजना से बागवानी क्षेत्र को नई गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश्वर परमार ने परियोजना की जानकारी दी। इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, उद्यान विभाग के अधिकारी, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि और स्थानीय बागवान भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story