हिमाचल-उत्तराखंड बॉर्डर पर हाई अलर्ट, निहंगों को रोके जाने के बाद बढ़ा तनाव, गोविंदघाट हाईवे बंद

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 26 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर शुक्रवार को हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। कुल्हाल बॉर्डर पर निहंग जत्थों को उत्तराखंड में प्रवेश से रोके जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। उत्तराखंड पुलिस ने कमांडो दस्तों समेत भारी पुलिस बल तैनात कर पूरे सीमा क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया है।

सूत्रों के अनुसार दिनभर एक ऐतिहासिक गुरुद्वारे में उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित पक्षों के बीच लंबी वार्ता चली। कई मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन अंतिम सहमति नहीं बन सकी। बैठक के बाद निहंग जत्थों ने हिमाचल की ओर से उत्तराखंड में प्रवेश करने का प्रयास किया, जिसे कुल्हाल सीमा पर रोक दिया गया।

निहंगों को रोके जाने के बाद सीमा पर तनाव बढ़ गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, कमांडो यूनिट और खुफिया एजेंसियों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर डटे हुए हैं और हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

सुरक्षा कारणों से हिमाचल और उत्तराखंड को जोड़ने वाला गोविंदघाट हाईवे भी बंद कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि हालात सामान्य होते ही यातायात बहाल किया जाएगा, लेकिन फिलहाल सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सूत्रों के मुताबिक वार्ता के दौरान उत्तराखंड पुलिस की ओर से कुछ मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन भी दिया गया है, हालांकि स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी जारी है।

इस बीच हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र में शांति बनी हुई है और जनजीवन सामान्य है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, संयम बनाए रखने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story