तकनीकी विविः 16 केंद्रों पर होगी प्रवेश परीक्षा, एडमिट कार्ड जारी
शिमला, 05 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने प्रवेश परीक्षा (एचपीसीईटी-2026) के लिए 16 परीक्षा केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। सभी परीक्षा केंद्र हिमाचल प्रदेश के दस जिलों में स्थापित होंगे। इस बार प्रवेश परीक्षा के लिए 9704 अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन आए हैं। जिसमें बीटेक के लिए 5575 और बी फार्मेसी के लिए 3085 अभ्यर्थियों के आवेदन आए हैं। बीटेक व बी फार्मेसी (दोनों के लिए) 380 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
वहीं, एमबीए के लिए 303, एमसीए के लिए 262 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। तकनीकी विवि की प्रवेश परीक्षा नौ व दस मई को आयोजित की जाएगी। नौ मई को सुबह के सत्र में नौ से ग्यारह बजे तक बीएससी एचएम एंड सीटी/बीएचएमसीटी और एमएससी पर्यावरण विज्ञान की प्रवेश परीक्षा होगी, जबकि दस मई को सुबह के सत्र में नौ से 11 बजे तक एमएससी भौतिक विज्ञान, नौ से सवा 12 बजे तक बीटेक व बी फार्मेसी की प्रवेश परीक्षा होगी। दस मई को ही सायं के सत्र में दो से चार बजे तक एमसीए, एमबीए और एमबीए पर्यटन की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
नौ मई को प्रस्तावित विषयों की प्रवेश परीक्षा के लिए एक ही परीक्षा केंद्र तकनीकी विवि परिसर में ही स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा दस मई को सुबह के सत्र में प्रस्तावित परीक्षा 16 परीक्षा केंद्रों पर होगी। जिसमें चंबा जिला में राजकीय महाविद्यालय चंबा, कांगड़ा जिला में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला और डीएवी कॉलेज कांगड़ा, ऊना जिला में राजकीय महाविद्यालय ऊना, हमीरपुर में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर, गौतम कॉलेज ऑफ फार्मेसी और तकनीकी विवि परिसर, बिलासपुर जिला में शिवा कॉलेज ऑफ फार्मेसी चांदपुर घुमारवीं, मंडी जिला में अभिलाषी बीएड कॉलेज नेरचौक और सिरडा कॉलेज नौलखा सुंदरनगर, कुल्लू में विनायक फार्मेसी कॉलेज गड़सा, सोलन में अवस्थी कॉलेज नालागढ़ और एलआर कॉलेज सोलन, सिरमौर में हिमालयन इंजीनियरिंग कॉलेज कालाअंब, शिमला में राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान (कोटशेरा) और आईटीआई शिमला शामिल है।
तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ने कहा कि प्रवेश परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। सभी अभ्यर्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

