पॉलीटैक्निक कॉलेज बड़ू में आरंभ हुआ पांच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम

WhatsApp Channel Join Now
पॉलीटैक्निक कॉलेज बड़ू में आरंभ हुआ पांच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम


हमीरपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। राजकीय पॉलीटैक्निक कॉलेज हमीरपुर (बड़ू) के परिसर में मंगलवार को शिक्षकों के लिए ‘एमर्जिंग टैक्नोलॉजी फॉर एजूकेटर्स’ विषय पर पांच-दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम शुरू हो गया। 19 सितंबर तक चलने वाला यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम ई एंड आईसीटी अकादमी के माध्यम से सी-डैक मोहाली द्वारा प्रायोजित किया गया है। इस संस्थान में दूसरी बार सी-डैक के माध्यम से इस तरह का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पॉलीटैक्निक संस्थानों और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों सहित अन्य प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के 36 शिक्षक भाग ले रहे हैं।

इस 5-दिवसीय कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ सी-डैक मोहाली के ई-ग्रेड वैज्ञानिक डॉ. बलविंदर सिंह ने किया। पहले सत्र में डॉ. बलविंदर सिंह ने एआई तकनीक के अलग-अलग क्षेत्रों में उपयोग, इस अत्याधुनिक तकनीक के फायदों और भविष्य में इस क्षेत्र में हो रही रिसर्च के बारे में विस्तृत जानकारी दी। दूसरे सत्र में आईआईटी रोपड़ की विशेषज्ञ डॉ. श्वेता ने एआई टूल्स के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त ई एंड आईसीटी अकादमी की प्रोजेक्ट इंजीनियर सोनिया बड़गुजर ने रिसर्च में उपयोग होने वाले एआई टूल्स के बारे में जानकारी दी।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पॉलीटैक्निक कॉलेज हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्र शेखर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें संस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. पंकज ठाकुर मुख्य समन्वयक और इसी विभाग के वरुण गुप्ता सह-समन्वयक की भूमिका निभा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story