टी-स्टॉल की आड़ में अवैध शराब परोसता मिला संचालक, केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 26 जुलाई (हि.स.)। पुलिस थाना नाहन की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक टी-स्टॉल संचालक को बिना लाइसेंस शराब परोसते हुए पकड़ा है।

जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि नया बाजार स्थित एक होटल में शोर-शराबा हो रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो होटल के अंदर से आवाजें आ रही थीं। संदेह के आधार पर जांच की गई तो होटल के काउंटर के पीछे लगी मेज पर दो युवक कांच के गिलासों में शराब पीते हुए पाए गए।

पूछताछ में होटल संचालक ने अपनी पहचान नवीन कुमार पुत्र स्वर्गीय हरिशरण, निवासी मकान नं. 332/6, नया बाजार, नाहन, जिला सिरमौर बताई। पुलिस ने संचालक से ग्राहकों को शराब परोसने का वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच में सामने आया कि आरोपी अपने टी-स्टॉल की आड़ में ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोस रहा था। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना नाहन में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी अन्वेषण जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story