टांडा मेडिकल कॉलेज में शुरू होगा गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी विभाग, अधिसूचना जारी

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में गंभीर पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा अब और बढ़ने जा रहा है। प्रदेश सरकार ने कांगड़ा जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई) सर्जरी विभाग स्थापित करने की अधिसूचना जारी कर दी है। नए विभाग के संचालन के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर का एक पद भी सृजित किया गया है। सरकार का यह फैसला मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल की स्वीकृति के बाद जनहित में टांडा मेडिकल कॉलेज में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी विभाग का सृजन किया गया है। विभाग को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर का एक पद भी मंजूर किया गया है। सचिव (स्वास्थ्य) की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

इस फैसले को प्रदेश मंत्रिमंडल की बीते 22 जुलाई को हुई बैठक में मंजूरी दी गई थी। कैबिनेट की बैठक के एजेंडा आइटम संख्या 54 के तहत नए विभाग और पद के सृजन पर सहमति दी गई थी। अब सरकार ने इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके बाद विभाग शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

नया विभाग शुरू होने से कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, मंडी और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। पेट, आंतों, लिवर, पित्ताशय और पाचन तंत्र से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों तथा जटिल सर्जरी के लिए मरीजों को अब दूसरे बड़े चिकित्सा संस्थानों का रुख कम करना पड़ेगा। ऐसे मामलों में टांडा मेडिकल कॉलेज में ही सुपर स्पेशलिटी सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होने का रास्ता खुलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story