शिमला में मिठाई की दुकानों में मिले कॉकरोच, खाद्य सुरक्षा विभाग ने जारी किए नोटिस

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 17 अक्टूबर (हि.स.)। दिवाली से पहले शिमला में मिठाई की दुकानों की साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के दौरान कई जगह खामियां मिली हैं। खाद्य आपूर्ति एवं खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शनिवार को शहर में दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ दुकानों में गंदगी और कॉकरोच मिले। कई जगह मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ खुले में रखे पाए गए। इससे इनके दूषित होने का खतरा था। टीम ने मौके पर कुछ मिठाइयां नष्ट करवाईं और नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किए।

निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को देखते हुए संबंधित दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए गए। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में कमियों को दूर नहीं करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने बताया कि त्योहारी सीजन में लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए निदेशालय के निर्देश पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के साथ उनके निर्माण की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खाद्य पदार्थ तैयार करने से लेकर उनकी बिक्री तक निर्धारित मानकों और स्वच्छता के नियमों का पालन हो।

डॉ. विजया ने कहा कि विभाग समय-समय पर खाद्य कारोबारियों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के नियमों के प्रति जागरूक करता है। इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। कई खाद्य पदार्थ खुले में रखे थे, जिन पर कीड़े-मकोड़े गिरने का खतरा था। कुछ दुकानों में कॉकरोच मिलने से खाद्य पदार्थों की स्वच्छता को लेकर चिंता सामने आई। ऐसी स्थिति में खाद्य सामग्री दूषित हो सकती है और उसका सेवन लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

विभाग ने दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि संदिग्ध या दूषित खाद्य पदार्थ ग्राहकों को न परोसें और उन्हें नष्ट करें। डॉ. विजया ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के बीच विभाग ने लोगों से रंगदार मिठाइयों से बचने की अपील भी की है। दिवाली तक शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story