डीएवी सुंदरनगर में एसडीएम ने किया स्वच्छ हवा और नशा मुक्त सुंदरनगर अभियान के तहत संवाद
मंडी, 03 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के सुंदरनगर में चलाए जा रहे स्वच्छ हवा और नशा मुक्त सुंदरनगर अभियान के तहत डीएवी स्कूल सुंदरनगर में विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद एवं प्रेरक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने, तनाव को सकारात्मक तरीके से संभालने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एसडीएम से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे।
अमर नेगी ने विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक तरीके से तनाव प्रबंधन पर चर्चा की और बताया कि पढ़ाई एवं परीक्षा के तनाव को सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, खेल, व्यायाम तथा परिवार और मित्रों के साथ संवाद के माध्यम से प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। कार्यक्रम में डॉ. धर्मेश शर्मा ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में सरल एवं प्रभावी प्रदर्शन के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण फेफड़ों के साथ-साथ हृदय, मस्तिष्क और संपूर्ण स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों और स्वच्छ हवा के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
डीएवी स्कूल सुंदरनगर के प्रधानाचार्य मोहित चुघ ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थी अब तक लगभग 5 हजार लोगों तक स्वच्छ हवा और नशा मुक्ति का जागरूकता संदेश पहुंचा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं जागरूक होने के साथ समाज में भी वैज्ञानिक एवं तथ्य-आधारित जानकारी पहुंचा रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ हवा, नशा मुक्ति और स्वस्थ समाज के सक्रिय जागरूकता दूत के रूप में तैयार करना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

