स्वच्छ हवा और नशामुक्ति का संदेश लेकर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नुक्कड़ नाटक

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ हवा और नशामुक्ति का संदेश लेकर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नुक्कड़ नाटक


मंडी, 15 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के सुंदरनगर स्थित महाराणा प्रताप चौक में स्वच्छ हवा एवं नशामुक्त सुंदरनगर अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की । इस कार्यक्रम में तहसीलदार निहरी अनुभव तंवर तथा क्रयाश के संस्थापक डॉ धर्मेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सुंदरनगर के विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्वच्छ हवा, स्वच्छता और नशे से दूर रहने का प्रभावी संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अमर नेगी ने सभी विद्यार्थियों को स्वच्छ हवा और नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि सुंदरनगर में स्वच्छता को बढ़ावा देने और नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हो रही है कि सुंदरनगर के सभी स्कूलों ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ तथा स्वच्छता एवं स्वच्छ हवा के पक्ष में प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी किसी भी सकारात्मक अभियान की सबसे मजबूत कड़ी है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से समाज में जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से सुंदरनगर को नशामुक्त बनाने के साथ-साथ स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करने में सफलता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story