शिलाई में 11 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 05 नवंबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद मर्मस्पर्शी और दुखद खबर सामने आई है। यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी बोंच के छठी कक्षा के छात्र 11 वर्षीय अनिकेत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिकेत पुत्र प्रताप सिंह, जो ग्राम पंचायत लाणी बोराड के कटारी गांव का रहने वाला था, घर के पास ही एक पेड़ पर चढ़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि अचानक पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी जान चली गई। हालांकि, मौत के असली कारणों से पर्दा पुलिस और प्रशासनिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उठ सकेगा।

इस अप्रत्याशित हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को झकझोर कर रख दिया है। चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा अनिकेत अपनी तीन छोटी बहनों का इकलौता भाई था। इस इकलौते बेटे के असमय दुनिया से चले जाने के बाद से माता-पिता और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। नायब तहसीलदार जय कृष्ण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही स्थिति का जायजा लेने और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए मौके पर पटवारी को रवाना कर दिया गया है।

कोटी बोंच स्कूल के प्रधानाचार्य कृष्ण पराशर ने अपने छात्र को याद करते हुए भावुक शब्दों में कहा कि अनिकेत बेहद कुशाग्र और होनहार बच्चा था, जो पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय की हर सह-शैक्षणिक गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया करता था। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772807 Articles

Share this story