नए जिलों के गठन पर कांग्रेस में मतभेद : सुरेश कश्यप

WhatsApp Channel Join Now
नए जिलों के गठन पर कांग्रेस में मतभेद : सुरेश कश्यप


सोलन, 27 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस नेताओं के बीच सामने आ रहे मतभेदों पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से स्पष्ट करने को कहा कि नए जिलों के गठन को लेकर सरकार की वास्तविक नीति क्या है। कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायक इस मुद्दे पर अलग-अलग राय व्यक्त कर रहे हैं, जिससे सरकार की नीतिगत स्पष्टता और नेतृत्व के बीच समन्वय पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में शुक्रवार को भारतीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे सुरेश कश्यप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने स्वयं स्वीकार किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वह नए जिलों के गठन के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने प्रशासनिक खर्च बढ़ने का तर्क देते हुए जनगणना के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात कही है।

कश्यप ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी शिमला जिले के विभाजन का विरोध कर चुके हैं, जबकि विधायक रघुबीर सिंह बाली कांगड़ा जिले के विभाजन के पक्ष में नहीं हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और पार्टी के कुछ विधायक प्रशासनिक पुनर्गठन का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के इन विरोधाभासी बयानों से जनता के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि सरकार नए जिलों के गठन को लेकर क्या निर्णय लेना चाहती है और इस दिशा में अब तक क्या आकलन किया गया है। सरकार को प्रशासनिक पुनर्गठन से होने वाले अतिरिक्त खर्च, जनसुविधाओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

कश्यप ने कहा कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय राजनीतिक प्राथमिकताओं के बजाय भौगोलिक परिस्थितियों, आर्थिक संसाधनों और व्यापक जनहित के आधार पर लिए जाने चाहिए। कांग्रेस नेतृत्व को इस विषय पर अपना स्पष्ट पक्ष जनता के सामने रखना चाहिए।

इससे पहले संविधान दिवस कार्यक्रम में सुरेश कश्यप ने भारतीय संविधान को देश के लोकतंत्र की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूपित भारतीय संविधान ने देश को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव प्रदान की है। उन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बाबा साहेब और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story