पांवटा साहिब में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बरसे सांसद सुरेश कश्यप

WhatsApp Channel Join Now
पांवटा साहिब में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बरसे सांसद सुरेश कश्यप


पांवटा साहिब में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बरसे सांसद सुरेश कश्यप


नाहन, 05 जुलाई (हि.स.)। पांवटा साहिब में चल रहे जिला स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में जिला भर से भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी प्रशिक्षण वर्ग में भाग लिया। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप ने सत्र को संबोधित किया और पत्रकारों से रूबरू हुए।

भाजपा के पूर्व प्रदेश के अध्यक्ष और सांसद सुरेश कश्यप ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधा। केंद्र में भाजपा के 12 वर्ष के शासनकाल में हुए विकास का ब्यौरा रखा। साथ ही सत्र में कार्यकर्ताओं को दिए जा रहे प्रशिक्षण के बारे में भी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में आज सिरमौर में आईआईएम जैसे संस्थान खुले हैं। हर तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग और फोरलेन कनेक्टिविटी मिलनी शुरू हुई है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सुखू सरकार ने प्रदेश को 20 वर्ष पीछे धकेल दिया है। इस दौरान प्रदेश में कोई नए संस्थान नहीं खोले गए बल्कि, जो संस्थान पिछली सरकार ने खोले थे उन्हें भी बंद करने का काम किया गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश को आगे बढ़ने का काम किया है वहीं प्रदेश सरकार ने प्रदेश को विकास के मामले में कई दशक पीछे धकेल दिया है।

सांसद सुरेश कश्यप में कहा कि प्रदेश में माफिया का राज है। शिक्षण संस्थाओं और स्वास्थ्य केंद्रों के बुरे हाल हैं। युवाओं, किसानों और महिलाओं से किए वादे पूरे नहीं हुए हैं। आज प्रदेश की जनता हताश और निराशा है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि चुनाव के सेमीफाइनल में जनता ने कांग्रेस को पछाड़कर आइना दिखा दिया है ।उन्होंने विश्वास जगाया की आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार होगी और हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story